सासाराम : नगर निगम सासाराम के फजलगंज स्थित दुर्गा कुंड में गुरुवार की अहले सुबह मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक तालाब के गहरे पानी में डूब गया। युवक सासाराम के करपुरवा मोहल्ला निवासी लाल बहादुर शाह का पुत्र बताया जाता है, जिसकी पहचान लगभग 20 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसे की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त युवक करपुरवा मोहल्ले में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ अहले सुबह करीब चार बजे मूर्ति विसर्जन के लिए फजलगंज स्थित दुर्गाकुंड पहुंच था, जहां प्रतिमा विसर्जन के दौरान हीं युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हालांकि, उस वक्त मोहल्ले वासियों को युवक के डूबने की जानकारी नहीं मिली और सभी लोग वापस अपने घर लौट आए। इसके बाद सुबह जब युवक के डूबने की सूचना मिली, तो स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर की आगजनी
वहीं युवक के डूबने की सूचना पर दुर्गाकुंड पहुंचे स्थानीय लोगों ने तालाब में उतरकर युवक को तलाशने की भरपूर कोशिश की, लेकिन असफल रहे। युवक के नहीं मिलने पर आक्रोशित लोगों ने फजलगंज में पुरानी जीटी रोड को जाम कर दिया और आगजनी करने लगे। इस दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी होने लगी।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद विसर्जन घाटों पर प्रशासनिक व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर घाटों पर गोताखोरों की मौजूदगी होती, तो हादसे से बचा जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। बता दें कि सड़क जाम की सूचना पर प्रयाप्त संख्या में पुलिस बल और स्थानीय अधिकारी पहुंच गये हैं और लोगों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक की तलाश में जुटी SDRF
हादसे के लगभग छह घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची राज्य डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) टीम ने दुर्गा कुंड तालाब में युवक की तलाश शुरू कर दी है। तालाब में काफी संख्या में मूर्ति विसर्जन होने से पानी पूरी तरह गंदा व मलबा युक्त हो चुका है और टीम को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, एसडीआरएफ एवं प्रशासन का दावा है कि जल्द हीं युवक की तलाश कर ली जाएगी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
नगर थाना सासाराम अंतर्गत फजलगंज दुर्गाकुंड में किशोर की डूबने पर प्रशासन पुलिस ने गोताखोर और एसडीआरएफ टीम लगाया है। एसडीएम सासाराम प्रिया रानी, एसडीपीओ वन सासाराम विप्लव कुमार और अंचलाधिकारी खुशबू कुमारी की मौजूदगी में खोजबीन जारी है। बताया गया कि फजलगंज दुर्गाकुंड सासाराम में एक किशोर डूब गया। डूबे किशोर करपुरवा सासाराम का बताया गया। प्रशासन पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। सासाराम एसडीएम प्रिया रानी ने बताया कि किशोर की डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम व गोताखोर लगाया गया है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी और लव कुमार की रिपोर्ट