रोहतास जिले के चेनारी कुदरा पथ पर शुक्रवार की देर रात पुलिस गाड़ी से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। घटना चेनारी नगर पंचायत स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप की है। मृतक की पहचान चेनारी थाना क्षेत्र के पलौंधा गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय कृपा शंकर तिवारी के रूप में हुई है। बता दें कि युवक की मौत की सूचना मिलते हीं परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मृतक बीती रात चेनारी बाजार से अपने घर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही पुलिस गाड़ी ने उसे बुरी तरह रौंद दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। इधर हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गये। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण सड़क दुर्घटना में एक निर्दोष की मौत हो गई। उन्होंने पुलिस पर संवेदनहीनता का भी आरोप लगाया और बताया कि हादसे के बाद पुलिस गाड़ी घटनास्थल से फरार हो गई। इतना ही नहीं शराब सेवन के आरोप पर स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमकर हंगामा भी किया। इसके बाद वरीय पुलिस पदाधिकारीयों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार घटना की जांच की जा रही है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से शराब सेवन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वाहन को जप्त कर चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और ब्लड सैंपलिंग की गई है। नशे में होने की बात सही नहीं है तथा परिजनों से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज किया जा रहा है। एसपी ने अफवाहों पर ध्यान ना देने तथा घटना में पूर्णतः विधि सम्मत कारवाई पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से करने की बात कही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट