नशा मुक्ति केंद्र में बच्चे की मौत पर बवाल, परिजनों का गंभीर आरोप, मारपीट और भूखे रखने की शिकायत

जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां एक नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्र में एक बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गये। उन्होंने पूरे मामले में कई गंभीर आरोप भी लगाये हैं।

सासाराम: जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां एक नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्र में एक बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गये। उन्होंने पूरे मामले में कई गंभीर आरोप भी लगाये हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के सासाराम स्थित सहयोग नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में शनिवार को एक बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना से आक्रोशित परिजनों ने केंद्र प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप है कि केंद्र में बच्चे की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, केंद्र में भर्ती अन्य बच्चों ने भी चौंकाने वाली शिकायतें की हैं। बच्चों के अनुसार, केंद्र में उनके साथ मारपीट की जाती है और उन्हें समय पर खाना-पानी भी नहीं दिया जाता है। अब इन आरोपों के सामने आने के बाद नशा मुक्ति केंद्र की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। 

इधर घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, इस पूरे मामले में केंद्र प्रबंधन की भूमिका और बच्चों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। परिजनों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि इस पूरी घटना में अब तक दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है। 


सासाराम से लव कुमार की रिपोर्ट