घर से गायब था बच्चा, दस किलोमीटर दूर नहर से इस हालत में मिला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 30, 2026, 4:04:00 PM

राज्य के रोहतास जिले से खौफनाक खबर है। जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नहर हदहदवा पुल के समीप से मंगलवार को पुलिस ने एक नौ वर्षीय बालक का शव बरामद किया है। मृत बालक इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पटनवा खुर्द गांव निवासी शशि कुमार का पुत्र आदित्य कुमार बताया जाता है, जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। 

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि आदित्य बीते सोमवार की सुबह से हीं घर से लापता था। परिवार वालों ने पुत्र की खोजबीन के लिए काफी प्रयास किया और मामले की जानकारी पुलिस को भी दी, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार को घर से करीब 10 किलोमीटर दूर जब नहर से उसका शव बरामद हुआ, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और माता-पिता पुत्र के वियोग में बेसुध हो गये। चूंकि शुरुआती जांच में पुलिस ने दुर्घटना की आशंका जताई है। माना जा रहा है कि उक्त बालक खेलने के क्रम में नहर किनारे गया होगा, जहां पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के कारणों की पुष्टि करने की बात कही है।

हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। जानकारी दी गई कि मृतक आदित्य दो भाइयों में बड़ा था और तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता था। जबकि पिता खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बड़ी बात है कि परिजन भी बालक की मौत को दुर्घटना बता रहे हैं और उन्होंने किसी तरह के अनहोनी की आशंका से साफ इनकार किया है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट