रोहतास। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित इंद्रपुरी बराज पर तीन युवकों का सेल्फी लेना उस वक्त भारी पड़ गया, जब बराज में अचानक पानी छोड़े जाने से तीन युवक तेज बहाव में फंस गए। पानी का स्तर तेजी से बढ़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी के सहारे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस घटना ने सेल्फी के चक्कर में गैरजिम्मेदाराना हरकत को उजागर कर दिया है।
बराज का फाटक खुलने से बहाव हुआ तेज
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि तीनों युवक बराज के समीप नदी में खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक बराज का फाटक खुलने से पानी का बहाव काफी तेज हो गया। दरअसल नदी का बहाव इतनी जल्दी तेज हो गया कि युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे पानी में पूरी तरह घिर गये।
रस्सी के सहारे बची तीनों की जान
वहीं तीनों युवकों को पानी के तेज बहाव में फंसा देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने चुनरी और गमछे की मदद से एक लंबी रस्सी बनाई और फिर युवकों के पास फेंक कर बारी-बारी से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बता दें कि पानी से बाहर निकलते हीं तीनों युवक मौके से फरार हो गये, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई।
घटना का वीडियो वायरल
इधर पूरे घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते हीं स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बराज जैसे संवेदनशील और खतरनाक क्षेत्रों में सेल्फी लेने या रील बनाने से बचें, अन्यथा थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
रोहतास से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट