सरकारी बस ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, बाइक सवार की दर्दनाक मौत, सड़क जाम

रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनी गांव के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सासाराम आरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिसके कारण यातायात घंटों बाधित रहा।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 11:56:00 AM

सासाराम। रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनी गांव के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक छोटू राम महराजगंज गांव निवासी ददन राम का पुत्र बताया जाता है। इस हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सासाराम आरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिसके कारण यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा।

बस ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार छोटू राम पेट्रोल पंप से बाइक में तेल भरवाकर अपने घर लौट रहा था, तभी बिक्रमगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार सरकारी बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर ऐसी कि बाइक बस के नीचे फंस गई। इसके बाद बस ने बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटा, जिससे बाइक सवार की घटनास्थल पर हीं दर्दनाक मौत हो गई।

आरोपी चालक फरार, सड़क जाम

वहीं घटना के बाद आरोपी बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। लोग दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। 

मौके पर पहुंची पुलिस

इधर घटना की सूचना मिलते हीं विक्रमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया जाने लगा। जानकारी के अनुसार पुलिस ने आक्रोशित लोगों को करीब 2 घंटे तक समझाया और मुआवजे के आश्वासन के बाद लोग सड़क से हटने को राजी हुए। हालांकि इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगीं रहीं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शव का पोस्टमार्टम 

पुलिस के अनुसार फिलहाल शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है तथा दुर्घटना की जांच करते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गौरतलब हो कि मृतक छोटू राम दो भाइयों में बड़ा था और उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट