सासाराम। रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह लगभग 20 वर्षीय एक युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग 19 स्थित सबराबाद से तेलारी जाने वाली एक ग्रामीण सड़क की है। मृतका की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी संजय पासवान की पुत्री राधिका कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल चेनारी थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सड़क पर गोली मारकर हत्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सबराबाद तेलारी मार्ग पर एक युवती का खून से लथपथ शव देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और देखते हीं देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरफ फैल गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद
इधर घटना की सूचना मिलते हीं चेनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
शव का पोस्टमार्टम
मामले में चेनारी प्रभारी थानाध्यक्ष कल्पना सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम एवं एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद हीं सब कुछ स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट