रोहतास: दिनारा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध यक्षिणी भवानी मंदिर, भलूनी धाम स्थित तालाब में बुधवार शाम करीब 5 बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा के नीचे दबकर तालाब में डूबे युवक का शव गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बरामद किया गया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के सहयोग से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद चितांव गांव के पास NH-319 पर सड़क जाम कर दिया गया।
मृतक की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के चितांव गांव निवासी मनीकरण सिंह के करीब 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह सासाराम में रहकर पढ़ाई करता था। दुर्गा पूजा के अवसर पर वह भलूनी धाम के समीप स्थित बरडीहा गांव में अपनी मौसी के घर आया हुआ था। बुधवार शाम वह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने तालाब पहुंचा था, जहां प्रतिमा के नीचे दबकर वह गहरे पानी में डूब गया।
घटनास्थल पर पहुंचे थे एसडीएम और डीएसपी
हादसे की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीएम दिलीप कुमार और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे थे। युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे थे। गुरुवार सुबह संयुक्त प्रयास से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, चितांव गांव के पास NH-319 पर सड़क जाम किए जाने से आवागमन प्रभावित हुआ। सड़क जाम के कारणों और प्रशासन की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
रोहतास से लव कुमार की रिपोर्ट