सासाराम। जिला मुख्यालय सासाराम स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को एक स्वास्थ्य कर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान बड्डी थाना क्षेत्र के सिकुहीं ग्राम निवासी सुदर्शन बैठा के लगभग 25 वर्षीय पुत्र करन बिंद के रूप में हुई है, जो अविवाहित थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और उन्होंने किसी साजिश की आशंका जताई है।
तड़प तड़प कर हुई मौत
जानकारी के अनुसार, करन बिंद जिस अस्पताल में ड्यूटी करते थे, उसी अस्पताल में बीती रात करीब तीन बजे तड़प तड़प कर उनकी मौत हो गई। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो चुकी है, जिसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
सीसीटीवी के आधार पर परिजनों ने उठाये सवाल
वहीं स्वास्थ्यकर्मी की मौत के बाद बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे अस्पताल के कर्मियों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पहले घटना का सीसीटीवी फुटेज देखा और फिर अस्पताल की लापरवाही को लेकर सवाल उठाए। सीसीटीवी के आधार पर परिजनों का कहना है कि करन अस्पताल के गेट पर तड़प रहे थे, लेकिन वहां मौजूद स्टाफ ने लगभग 2 घंटे बाद अस्पताल का दरवाजा खोला।
पुलिस के समझाने पर हुआ पोस्टमार्टम
दरअसल घटना के बाद परिजन मृतक के शव को लेकर अपने गांव चले गए। हालांकि पुलिस को जब मामले की जानकारी हुई, तो वे सीधे मृतक के गांव पहुंचे और परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए आग्रह किया। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम से इनकार करते रहे, लेकिन पुलिस के समझाने एवं मामले की गंभीरता को देखते हुए वे राजी हो गये।
विभिन्न पहलू पर जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास पुलिस ने पूरे घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जहरीला पदार्थ खाने, प्रेम प्रसंग एवं साजिश के बिंदुओं पर सूक्ष्मता से जांच चल रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के पीछे की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट