सासाराम: रोहतास जिले में खाद्य पदार्थों और मिठाई दुकानों में जिला प्रशासन ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सासाराम नगर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों में छापेमारी कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की।
जांच के दौरान कुछ दुकानों में ऐसे खाद्य पैकेट मिले, जिन पर समाप्ति तिथि (एक्सपायरी डेट) अंकित नहीं थी। आम लोगों के स्वास्थ्य पर संभावित खतरे को देखते हुए टीम ने ऐसे खाद्य पैकेटों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं, कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी, अमानक और बिना आवश्यक विवरण वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच अभियान लगातार जारी रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और अन्य जरूरी विवरण जरूर जांच लें। फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों में सतर्कता बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सासाराम से लव कुमार की रिपोर्ट