हंसता चेहरा, अंदर गहरा दर्द! टैटू आर्टिस्ट ने बंद कमरे में लगाई फांसी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 17, 2026, 3:44:00 PM

सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम में एक युवक ने डिप्रेशन में आकर शुक्रवार को आत्महत्या कर लिया। मृतक उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का रहने वाला था, जिसकी पहचान श्रीपाल के 22 वर्षीय पुत्र प्रवीण प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने फिलहाल घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और आगे की कार्रवाई चल रही है। 

डिप्रेशन व आर्थिक दबाव में आकर उठाया खौफनाक कदम 

घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के कबीरगंज मोहल्ले की है। पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे डिप्रेशन की बात स्वीकार की है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा परिजनों से पूछताछ एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। वहीं मृतक के दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार प्रवीण काफी गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। वह अपनी आमदनी से माता-पिता के साथ-साथ शादीशुदा बहन को भी पैसे भेजता था। ऐसे में उसपर आर्थिक रूप से काफी दबाव था।

पंखे से लटका मिला शव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने बीती रात को हीं कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के साथ टैटू बनाने का काम सीख रहे एक दूसरे युवक ने बताया कि रात को जब वह फिल्म देखने के बाद कमरे पर गया, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने दरवाजे की सुराख से झांककर देखा, तो प्रवीण फंदे से लटका हुआ था।

मॉल में टैटू बनाने का करता था काम 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत युवक कबीरगंज मोहल्ले में एक किराए के मकान में अकेले रहता था। वह शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित एक मॉल में टैटू बनाने का काम करता है। घटना को देखते हुए पुलिस मकान मालिक एवं मॉल के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अग्रतर कार्रवाई चल रही है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट