चोरी के आरोप में गिरफ्तार हुआ था युवक, दूसरे जिले में मिला शव, पुलिस पर लगे आरोप

राज्य के सासाराम जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया है। अहम यह कि चोरी के जुर्म में युवक की गिरफ्तारी दूसरे जिले की पुलिस ने की थी, लेकिन अब उसका शव सासाराम जिले से बरामद किया गया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 19, 2026, 12:15:00 PM

राज्य के सासाराम जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया है। अहम यह कि चोरी के जुर्म में युवक की गिरफ्तारी दूसरे जिले की पुलिस ने की थी, लेकिन अब उसका शव सासाराम जिले से बरामद किया गया है। अब इस मामले के सामने आने के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस पर कई आरोप लगाये हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक युवक की लाश बरामद की गयी। इस मामले में परिजनों ने पुलिस पर हीं हत्या का संगीन आरोप लगाया है। मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगल बीघा गांव निवासी सत्येंद्र चौधरी के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

इधर परिजनों के अनुसार मृतक तमिलनाडु में रहकर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार को जब वह तमिलनाडु से घर लौटा, तो औरंगाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने बताया कि पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि उनके बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और उन्होंने आरोपी के वस्त्र की भी मांग की, लेकिन शुक्रवार को उनके बेटे का शव रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र से बरामद हुआ। 

दरअसल रोहतास पुलिस को एनीकट के समीप गुरुवार की शाम युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली। पुलिस के अनुसार युवक की आंखें खुली थीं और जीभ बाहर निकला था। पुलिस ने घटनास्थल से हवाई चप्पल, मोबाइल के दो सिम कार्ड, एक डायरी तथा कुछ नशीला पदार्थ भी बरामद किया है और एफएसएल टीम द्वारा भी कई साक्ष्य जुटाए गए हैं। 

इस मामले में परिजनों ने औरंगाबाद जिले के अंबा थाने की पुलिस पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब पुलिस ने उसे चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था, तो उसकी लाश रोहतास जिले से कैसे मिली? परिजनों ने औरंगाबाद पुलिस पर हीं हत्या के बाद शव को फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि औरंगाबाद पुलिस से जब इस बाबत पूछताछ की गई, तो उन्होंने गिरफ्तारी के बाद उसे छोड़ने की जानकारी दी।  

हालांकि इस पूरे मामले में रोहतास पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एएसपी अतुलेश झा के अनुसार एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और हत्या की आशंका को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। गौरतलब हो कि एनीकट स्थित उक्त स्थल नशेड़ियों का पनाहगार है, जहां रात के अंधेरे में नशा सेवन करने वाले युवकों को अक्सर देखा जा सकता है। बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के कारणों की सटीक जानकारी मिलेगी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट