सासाराम। रोहतास जिले में बीती रात दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां घर की छत पर सो रहे एक दम्पति को कुछ अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम बनरसिया की बताई जाती है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय ननकी देवी एवं उनके 45 वर्षीय पति मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है। वहीं मृतक मणि भूषण कुमार मूल रूप से बेतिया के रहने वाले बताए जाते हैं।
बीज भंडार की दुकान चलाते थे पति पत्नी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पति-पत्नी बेदा मोड़ के समीप बीज भंडार की एक दुकान चलाते थे। दोनों से चार बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र अभिषेक कुमार व सन्नी कुमार तथा दो पुत्रियां हैं। उन्होंने एक पुत्री की शादी भी कर दी है, जबकि दूसरी अविवाहित है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सभी बच्चे भयभीत महसूस कर रहे हैं।
पति की मौत के बाद आये करीब
यह भी जानकारी सामने आई कि ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की करीब 5 साल पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद जब ननकी देवी ने अपने देवर मणि भूषण कुमार के साथ मिलकर बेदा मोड़ के पास बीज भंडार का एक दुकान शुरू किया, तो इस दौरान दोनों करीब आ गए और काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने विधिवत शादी कर ली।
पुत्र ने मचाया शोर
मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार के अनुसार घटना बीती रात करीब दो बजे की है। उसने बताया कि छत से तेज आवाज आने पर जब उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, तो उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद
अभिषेक के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा खोलकर जब सभी लोग छत पर गये तो देखा कि ननकी देवी और मणि भूषण कुमार खून से लथपथ पड़े हैं। हालांकि दोनों की मौके पर हीं मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं मामले की सूचना मिलते हीं सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने परिजन और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है तथा अग्रत्तर कार्रवाई चल रही है।
हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहतास एसपी मिस्टर राज ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम की मदद से कई सबूत जुटाए गए हैं और हत्याकांड की जांच के लिए एक एसआईटी टीम का भी गठन कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द हीं घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट