सासाराम। बीती रात डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता विमल कुमार की बेरहमी से हुई हत्या मामले का पुलिस ने 12 घंटे बाद खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस को घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक हथियार भी बरामद हुआ है तथा ईओ के चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर विस्तृत जांच की जा रही है।
चालक ही निकला ईओ का हत्यारा
दरअसल इस हत्याकांड को किसी और ने नहीं बल्कि कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के चालक मिथिलेश कुमार ने ही अंजाम दिया था। आरोपी चालक ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड को बरामद करने के लिए नहर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
रॉड से पीट-पीटकर हत्या
आरोपी चालक ने पुलिस के समक्ष बताया कि जब वह ईओ को साथ लेकर पटना जा रहा था, तभी नहर किनारे एक सुनसान जगह पर उसने पेशाब के बहाने गाड़ी रोक दी और गाड़ी से बाहर निकल कर उसने एक लोहे की रॉड से विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने ईओ पर तब तक रॉड बरसाए, जब तक उसे मौत की तसल्ली ना हो गई।
ड्यूटी से परेशान था चालक
आरोपी मिथिलेश कुमार ने यह भी खुलासा किया कि वह लगातार ओवरटाइम ड्यूटी लेने से परेशान हो चुका था। लगातार काम करने के कारण ईओ के साथ उसकी कई बार बहस भी हो चुकी थी, जिससे वह काफी तनाव में रह रहा था। वहीं बीती रात भी चालक भारी मन से उन्हें पटना लेकर जा रहा था, जहां रास्ते में विवाद के बाद चालक ने ईओ की बेरहमी से हत्या कर दी।
बयान बदलने से पुलिस का शक गहराया
हत्याकांड की जांच करने पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि हिरासत में लिये गए चालक द्वारा बार-बार बयान बदलने से पुलिस का शक गहराता चला गया। शुरुआत में उसने बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा हत्या करने की बात बताई, लेकिन उसके बयानों में विरोधाभास होने पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पत्नी के आवेदन पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी
मामले में कार्यपालक पदाधिकारी की पत्नी बबीता कुमारी के आवेदन पर चालक मिथिलेश कुमार एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत बारूण थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में मृतक की पत्नी ने कहा है कि मेरे पति विमल कुमार चालक मिथिलेश कुमार के रवैए से काफी परेशान थे और इसको लेकर उसे नौकरी से हटाने की बात भी करते थे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन्ही कारणों से चालक मिथिलेश ने अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर मेरे पति की हत्या की है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट