सासाराम। रोहतास जिले के धौधाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर बीते मंगलवार को लेरुआ पुल के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
दरअसल जिस सड़क हादसे में शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशिला गांव निवासी अभिषेक कुमार के मौत की बात सामने आई, उसकी पहले ही हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटना में संलिप्त अथर्व भारद्वाज उर्फ पीयूष उपाध्याय को जिले के नौहट्टा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है तथा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
बहन से बातचीत और एक कार को लेकर था विवाद
मामले में शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सदर डीएसपी वन विप्लव कुमार ने बताया कि मृतक अभिषेक कुमार और हत्या में शामिल तीनों आरोपी आपस में गहरे दोस्त थे। जांच में यह भी बात सामने आई कि मृतक अभिषेक कुमार अपने दोस्त रंजीत पासवान की बहन से बातचीत करता था तथा दोनों के बीच एक कार को लेकर भी झगड़ा हुआ था। जिससे नाराज होकर रंजीत पासवान ने अपने दो अन्य दोस्तों अथर्व भारद्वाज और संजीव गुप्ता के साथ मिलकर अभिषेक की हत्या की साजिश रची।
गोली मारकर हत्या, शव छुपाने के दौरान हादसा
डीएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों ने पहले अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर उसके शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य एक कार में रखकर ले जाने लगे। लेकिन इसी दौरान उक्त कार राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर लेरुआ पुल के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से टकरा गई। हालांकि शुरुआत से हीं मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने जब गहनता से जांच शुरू की, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
डीएसपी के अनुसार पुलिस ने इस घटना में संलिप्त एक आरोपी अथर्व भारद्वाज उर्फ पियूष उपाध्याय को जिले के नौहट्टा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मामले के मुख्य आरोपी रंजीत कुमार पासवान और संजीव कुमार गुप्ता फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार एवं एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल भी जप्त किया है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट