अनियंत्रित ट्रक ने दो स्कूली छात्रों को रौंदा, दोनों गंभीर रूप से घायल, सड़क जाम कर हंगामा

रोहतास जिले के डेहरी नासरीगंज पथ पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी नासरीगंज पथ पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना दरिहट थाना क्षेत्र के दरिहट हाईस्कूल के समीप की बताई जाती है।

साइकिल से जा रहे थे दोनों छात्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों छात्र साइकिल से स्कूल जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। घायलों की पहचान 13 वर्षीय लवकुश कुमार और 12 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। दोनों अशोक कुमार जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा के छात्र हैं। 

एक की हालत नाजुक, रेफर

वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों छात्रों को इलाज के लिए डेहरी के नारायण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जानकारी दी गई कि लवकुश का इलाज अस्पताल में हीं चल रहा है, जबकि आयुष की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

ट्रक चालक की पिटाई, जमकर हुआ हंगामा

वहीं हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर चालक की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब चालक को छुड़ाकर थाने ले जाने का प्रयास किया, तो ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने पुलिस वाहन एवं ट्रक को घेर लिया। ग्रामीण पुलिस को रोककर वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे।

चार घंटे तक सड़क जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी नासरीगंज मुख्य मार्ग को लगभग चार घंटे तक बाधित रखा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। चूंकि पुलिस ने ग्रामीणों की मांग पर सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने एवं वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हुआ। मामले में थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट