शादी समारोह से लौट रहे लोगों के ऑटो में कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, 4 घायल

रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरताली के पास ऑटो और कार की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सासाराम : रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरताली के पास ऑटो और कार की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान ताड़ी गांव निवासी अवधेश बिंद के रूप में हुई है

मृतक की पहचान ताड़ी गांव निवासी अवधेश बिंद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सभी लोग शादी समारोह में शामिल होकर ऑटो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बरताली के पास ऑटो और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार लोग घायल हो गए, जबकि अवधेश बिंद की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। 

हादसे में 4 लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है

वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, सासाराम में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई संजय बिंद ने बताया कि उनका भाई अवधेश बिंद शादी समारोह से ऑटो में सवार होकर लौट रहा था। इसी दौरान बरताली के पास कार से टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है, जबकि उनके भाई अवधेश बिंद की मौत हो गई।फिलहाल, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

सासाराम से लव कुमार की रिपोर्ट