सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत, छठ की खुशियां मातम में बदली

लोक आस्था के महान पर्व छठ के दिन रविवार की बीती रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दरअसल, छठ को लेकर हर तरफ श्रद्धा और भक्ति का माहौल था।

सासाराम : लोक आस्था के महान पर्व छठ के दिन रविवार की बीती रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दरअसल, छठ को लेकर हर तरफ श्रद्धा और भक्ति का माहौल था, लेकिन इन दो सड़क हादसों ने दो परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई पूरी की जा रही है।

बड़े भाई के बाद छोटा भाई भी हादसे का शिकार

पहली घटना शिवसागर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 की है, जहां मोर सराय गांव निवासी राहुल यादव की रोझहीं गांव मोड़ के समीप बीती रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। वे अपाचे बाइक से शिवसागर की तरफ जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गये। बताया जाता है कि राहुल यादव चार भाइयों में सबसे छोटे थे और बड़े भाई राजू यादव के सड़क हादसे में निधन के बाद उन्होंने मात्र छह महीने पूर्व ही अपनी भाभी से शादी की थी। हादसे की खबर मिलते हीं गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

अनियंत्रित कार पुल से नीचे गिरी

दूसरी घटना नोखा थाना क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट कहे जाने वाले जखनी पुल के समीप की है। यहां मूल रूप से सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी वृंदावन सिंह करगहर प्रखंड के बभनी गांव स्थित अपनी नानी के घर से नोखा के समीप कुरी गांव में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बताया जाता है कि इसी क्रम में कार अनियंत्रित होकर जखनी पुल से नीचे एक पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे संभवतः डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट