समस्तीपुर : शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अखतवारा गांव में घर में सोई महिला से लूटपाट और मारपीट की घटना का पुलिस ने 11 दिन के अंदर सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूनम देवी पति रामचंद्र मंडल साकिन अखतवारा अपने घर में सोई हुई थी। इसी दौरान दो नकाबपोश अपराधी घर में घुस गए और लूटपाट करने लगे। पूनम देवी की नींद खुलने पर विरोध करने पर अपराधियों ने पीवीसी पाइप से पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और घर में रखे व पहने हुए आभूषण, कीपैड मोबाइल व नकद लूटकर फरार हो गए।
SP के निर्देश पर थानाध्यक्ष शिवाजीनगर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया
इस संबंध में पीड़िता के आवेदन पर शिवाजीनगर थाना में धारा-309(6) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष शिवाजीनगर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिसई निवासी शिवम कुमार पिता संदीप मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसके बाद इस कांड का उद्भेदन हुआ।
बरामद सामान
लूटी गई सोने जैसी कान की टॉप एक जोड़ा, चांदी जैसी पायल एक जोड़ा, कीपैड मोबाइल, घटना में प्रयुक्त दो मोबाईल, अभियुक्त द्वारा पहना गया शर्ट, नकाबपोशी में प्रयुक्त गमछा, मारपीट में प्रयुक्त पीवीसी पाइप का टुकड़ा और धमकी भरा पर्ची। वहीं पुलिस ने शिवम कुमार और मनीषा कुमारी को शिवाजीनगर से गिरफ्तार किया है। छापामारी दल में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, पुअनि मिनु कुमारी, नितीश कुमार एवं थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट