समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र के भूंहा में हुई मंगलसूत्र छिनतई की घटना का पुलिस ने 10 दिन के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 14 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे भूंहा में काले रंग की अपाचे पर सवार दो अपराधियों ने प्रियंका कुमारी पति श्रवण ठाकुर के गले से करीब 7 ग्राम सोने का मंगलसूत्र छीन कर फरार हो गए थे। पीड़िता के बयान पर रोसड़ा थाना में कांड संख्या 339/26 दर्ज किया गया था।
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रोसड़ा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मिर्जापुर निवासी बादल कुमार पिता विनोद महतो और लालपुर चौक निवासी संजीव कुमार पिता गोलो पासवान के रूप में हुई है, दोनों रोसड़ा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों शातिर अपराधी हैं। इनके विरुद्ध रोसड़ा थाना में पहले से ही छिनतई के तीन अन्य कांड (कांड सं0 320/26, 233/26, 306/26) दर्ज हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस कांड में शामिल एक अन्य फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, एसआई सुभाष चंद्र मंडल, अनिश कुमार, चंदन कुमार, नीरज कुमार, परिवीक्षु एसआई मनीषा भारती, कृति कुमारी सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट