सहरसा। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा थैलेसीमिया सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संजू कंसल्टेंसी द्वारा सदर अस्पताल, सहरसा ब्लड बैंक के सहयोग से 8 सितंबर 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर संजू कंसल्टेंसी के संस्थापक संजीत कुमार झा एवं सदर अस्पताल, सहरसा ब्लड बैंक के मेडिकल ऑफिसर डॉ. नफीस सोहेल के साथ बैठक कर विस्तृत योजना बनाई गई।
थैलेसीमिया एक गंभीर रक्त संबंधी बीमारी है, जिसमें विशेषकर थैलेसीमिया मेजर से पीड़ित बच्चों को नियमित अंतराल पर रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संजू कंसल्टेंसी के संस्थापक संजीत कुमार झा ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं एवं आम नागरिकों से इस मानवीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। वहीं, ब्लड बैंक, सदर अस्पताल, सहरसा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. नफीस सोहेल ने लोगों से स्वैच्छिक एवं सुरक्षित रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखने में मदद मिलती है, जिससे आपातकालीन स्थिति के साथ-साथ थैलेसीमिया एवं अन्य मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। आयोजकों ने सभी स्वस्थ एवं योग्य रक्तदाताओं से 8 सितंबर 2026 को आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि थैलेसीमिया से जूझ रहे मरीजों के लिए दिया गया रक्त उनके जीवन की उम्मीद बन सकता है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट