सोलर मेले का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया भाग, सोलर प्लांट लगाकर पैसा भी कमाएं

सहरसा। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' को जन-जन तक पहुँचाने और सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग, सहरसा की ओर से विकास भवन परिसर में भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया।

सहरसा। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' को जन-जन तक पहुँचाने और सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग, सहरसा की ओर से विकास भवन परिसर में भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बिजली उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार की पीएम सूर्य घर योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। इसके तहत लोग अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

 मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर विशेषज्ञों ने सौर ऊर्जा से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, रूफटॉप सोलर सिस्टम, सोलर पैनलों की कार्यप्रणाली, उनके रखरखाव, सुरक्षा मानकों और ऊर्जा संरक्षण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, सरकारी अनुदान और स्थापना प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। 

इस दौरान उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। वहीं, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सहरसा अमित कुमार ने उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता (एसटीएफ), सहरसा प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना और उन्हें योजना से जोड़ना है। 

उन्होंने बताया कि योजना के तहत इच्छुक लोगों को मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे वे तुरंत आवेदन कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा लगभग सात प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता निशांत कुमार, सहायक विद्युत अभियंता, सहरसा शहरी सुशील कुमार सुधांशु, सहरसा ग्रामीण बिजेंद्र कुमार, सौर बाजार सुशील कुमार, प्रशासी पदाधिकारी राजेश झा, सहायक प्रबंधक प्रभाष देव, आईटी मैनेजर तथा सभी कनीय विद्युत अभियंता और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्युत विभाग, सहरसा की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विभाग ने विश्वास जताया कि इस सोलर मेले के माध्यम से जिले में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट