सहरसा: भीषण गर्मी में रुला रही बिजली, विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण, घंटों ठप रहा यातायात

सहरसा में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। सुलिंदाबाद के समीप सहरसा-बख्तियारपुर मुख्य सड़क पर आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 30, 2026, 11:23:00 AM

सहरसा में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। सुलिंदाबाद के समीप सहरसा-बख्तियारपुर मुख्य सड़क पर आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। 

जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में कई दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। 

भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया। 

काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम समाप्त किया। इसके बाद करीब चार घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

सहरसा, संवाददाता-विकास कुमार