‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी मो. मेराज आलम को खेल कोटे से मिली सरकारी नौकरी

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर के आजाद नगर निवासी मो. समसुल हक के पुत्र और पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी मो. मेराज आलम को बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरी दी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 6:36:00 PM

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर के आजाद नगर निवासी मो. समसुल हक के पुत्र और पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी मो. मेराज आलम को बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरी दी है। लगातार आठ वर्षों से पारा एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेराज आलम को ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सहरसा समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्त किया गया है।

पटना में आयोजित खिलाड़ियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मो. मेराज आलम ने अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। जिला एथलेटिक्स संघ सह जिला खेल संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने मेराज आलम को बधाई देते हुए कहा कि यह सहरसा में खेल के बढ़ते माहौल का परिचायक है। 

अब जिले के खिलाड़ी खेल के माध्यम से सरकारी नौकरी पाने में सफल हो रहे हैं। इससे पहले सिमरी बख्तियारपुर की कुश्ती खिलाड़ी प्रीति कुमारी को भी ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत बिहार सरकार में नौकरी मिली थी। उन्होंने कहा कि सहरसा के कई खिलाड़ियों ने खेल के माध्यम से सेना और बिहार पुलिस में भी नौकरी हासिल की है। खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और जीवन को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। मेराज की सफलता से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

मेराज आलम की उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सैयद समी अहमद, कोषाध्यक्ष विप्लव रंजन, जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष विवेक विशाल, जिला फुटबॉल संघ के सचिव मो. अशफाक आलम, जिला योग संघ के सचिव अमन कुमार सिंह, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव दर्शन कुमार गुड्डू, जिला तैराकी संघ के सचिव चंदन कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने बधाई दी है।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट