नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।

सहरसा : कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र कुमार आशीष के निर्देशन में संचालित इस अभियान में आम लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। अभियान के तहत जारी हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 19 से 25 सितंबर तक चलाए गए अभियान के दौरान कुल 1348.86 लीटर अवैध शराब, 32.105 किलोग्राम गांजा, 394.24 ग्राम स्मैक व 895.6 लीटर अवैध कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा 11 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन, तीन मोबाइल, दो पासबुक और दो लाख 11 हजार 580 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 77 व सूखा नशा के मामलों में 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फरवरी से अब तक 2132 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोसी क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 71,219.455 लीटर अवैध शराब, 4313.57 लीटर अवैध कफ सिरप, 6468.205 किलोग्राम गांजा व 8062.222 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त 12,734 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 अद्धा नशीली टैबलेट, एक पैकेट सिरिंज, दो विदेश निर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, छह देशी कट्टा, एक देशी मस्केट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 90 मोबाइल, 31 चारपहिया वाहन, एक नाव, एक ट्रक, तीन पासबुक, एक एटीएम कार्ड, लोहे की एक भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने 61 लाख 62 हजार 682 रुपए भारतीय मुद्रा व 27,570 रुपए नेपाली मुद्रा भी जब्त की है। अभियान के तहत अबतक कुल 2132 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

हेल्पलाइन पर दें नशा कारोबार की सूचना

पुलिस उप-महानिरीक्षक कुमार आशीष ने आम लोगों से नशा मुक्त कोसी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन नंबर-9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति अवैध नशा कारोबारी का नाम, पता, कारोबार करने का स्थान तथा संभव होने पर फोटो या वीडियो भी उपलब्ध करा सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर एवं पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन लोगों की सूचना से नशा तस्करी के विरुद्ध विशेष उपलब्धि हासिल होगी, उन्हें पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट