लछमिनियां में 13वें मिथिला संस्कृति महोत्सव का भव्य उद्घाटन, मैथिली को रोजगार से जोड़ने की उठी मांग

सहरसा: जिला मुख्यालय के समीप लछमिनियां स्थित विद्यापति धाम में गुरुवार की शाम तीन दिवसीय 13वें मिथिला संस्कृति महोत्सव सह विद्यापति स्मृति पर्व का भव्य उद्घाटन हुआ।

सहरसा: जिला मुख्यालय के समीप लछमिनियां स्थित विद्यापति धाम में गुरुवार की शाम तीन दिवसीय 13वें मिथिला संस्कृति महोत्सव सह विद्यापति स्मृति पर्व का भव्य उद्घाटन हुआ। स्थानीय विधायक डॉ. गौतम कृष्ण, मुख्य अतिथि डॉ. भवानंद मिश्र, पं. तरुण झा एवं दिग्विजय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद शांभवी झा द्वारा महाकवि विद्यापति रचित गोसाउनिक गीत की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज हुआ।

मुख्य वक्ता डॉ. भवानंद मिश्र ने कहा कि मैथिली भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए उसे रोजगार से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब तक मातृभाषा शिक्षा और रोजगार का माध्यम नहीं बनेगी, तब तक उसका व्यापक विकास संभव नहीं है। इसके लिए प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक मैथिली को पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि मातृभाषा में शिक्षा मिलने से बच्चों की बौद्धिक क्षमता का बेहतर विकास होगा और नई पीढ़ी अपनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति से गहराई से जुड़ सकेगी। मैथिली को प्रशासनिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में भी अवसर मिलना चाहिए।

विधायक डॉ. गौतम कृष्ण ने विद्यापति धाम के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अतिथियों का स्वागत स्वागताध्यक्ष एवं पूर्व मुखिया अरविंद यादव, संस्थापक भोगेंद्र शर्मा निर्मल तथा विद्यानंद यादव आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन किसलय कृष्ण ने किया।

इस अवसर पर पंडित तरुण झा, डॉ. संजय वशिष्ठ, डॉ. विनीत कुमार, लाल दास, डॉ. राजेंद्र प्रधान, डॉ. पंकज कुमार, चंदन झा, निर्मल मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट