खुले बिजली तार की चपेट में आने से गौ माता की दर्दनाक मौत, दो दिन पहले बछड़ी को दिया था जन्म, मालिक भी घायल

सहरसा: मत्स्यगंधा मंदिर परिसर में नगर निगम द्वारा लगाए गए लाइट पोल में बाहर से लगी झालर एवं मुख्य लाइट के खुले विद्युत तार की चपेट में आने से एक गौ माता की करंट लगने से तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।

सहरसा: मत्स्यगंधा मंदिर परिसर में नगर निगम द्वारा लगाए गए लाइट पोल में बाहर से लगी झालर एवं मुख्य लाइट के खुले विद्युत तार की चपेट में आने से एक गौ माता की करंट लगने से तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। गाय माता को बचाने के प्रयास में उसके गौमालिक को भी करंट का झटका लगा, जिससे वह घायल हो गया।

घटनास्थल की स्थिति अत्यंत हृदयविदारक थी। गाय माता के मुंह से खून निकल रहा था, उसके हाथ-पैर अकड़ चुके थे तथा गौमालिक अपनी गाय माता की मौत पर बिलख-बिलखकर रो रहा था। सबसे दुखद बात यह है कि मृत गाय माता ने मात्र दो दिन पूर्व ही एक बछड़ी को जन्म दिया था, जो अब अपनी मां से बिछड़कर अनाथ हो गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और वहां की भयावह स्थिति को देखा। इस घटना ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं संबंधित जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

यह मामला इसलिए और भी चिंताजनक है, क्योंकि इसी मत्स्यगंधा मंदिर परिसर में कुछ ही दिनों के भीतर मेला आयोजित होने वाला है, जिसके लिए लगभग 2 करोड़ रुपये के आसपास टेंडर स्वीकृत होने की जानकारी है। जब इतने बड़े स्तर पर सार्वजनिक आयोजन की तैयारियां हो रही हैं, तब उसी परिसर में खुले एवं असुरक्षित बिजली तारों का होना अत्यंत गंभीर विषय है। मेले में हजारों लोगों की आवाजाही होगी, जिसमें बच्चे, महिलाएं, श्रद्धालु एवं दुकानदार शामिल होंगे। ऐसे में यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

आज एक गाय माता की जान गई है, कल किसी राहगीर, बच्चे या श्रद्धालु की जान भी जा सकती है। यह केवल एक पशु की मृत्यु नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर चेतावनी संकेत है।

बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद, सहरसा प्रशासन एवं नगर निगम से घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय करने,पीड़ित गौमालिक को उचित मुआवजा देने, मेले के आयोजन से पूर्व मत्स्यगंधा मंदिर परिसर के संपूर्ण विद्युत तंत्र की तत्काल जांच एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। 

इसके अलावे शहर में नगर निगम के अंतर्गत लगाए गए सभी लाइट पोलों की वायरिंग की जांच कर खुले तारों को सुरक्षित रूप से पोल के अंदर व्यवस्थित करने, भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट