गोदाम का ताला तोड़ हजारों की चोरी, संदिग्ध युवक हिरासत में, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उच्च विद्यालय के समीप स्थित एक गोदाम का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में गोदाम का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के खाद्यान्न की चोरी कर ली।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 6:54:00 PM

सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उच्च विद्यालय के समीप स्थित एक गोदाम का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में गोदाम का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के खाद्यान्न की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। 

मामले में पीड़ित दुकानदार ने बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित दुकानदार ललितेश कुमार भगत ने बताया कि गुरुवार की शाम वह रोज की तरह अपना गोदाम बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह उनके पिता बहादुर भगत मार्निंग वाक पर निकले तो देखा कि गोदाम का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ललितेश कुमार भगत को दी।

सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और गोदाम की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात चोर गोदाम में रखे दस पैकेट चावल तथा पांच पैकेट मसूर दाल चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं पीड़ित ने बख्तियारपुर थाना में आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। 

संदिग्ध युवक हिरासत में, चाकू व ताला तोड़ने के उपकरण बरामद

सूत्रों के अनुसार बख्तियारपुर पुलिस ने गुरुवार देर रात एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। उसके पास से एक चाकू के अलावा ताला तोड़ने में प्रयुक्त होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस युवक से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसका चोरी की इस घटना से कोई संबंध है या नहीं। 

बताया जाता है कि गुरुवार रात अनुमंडलीय अस्पताल के समीप तीन से चार युवक चाय पीने के बाद अलग-अलग दिशा में निकल गए थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और गुदरी हाट के समीप उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजा कुमार, पिता कमलेश्वरी भगत, जिले के वार्ड संख्या-26 बटराहा निवासी बताया। 

फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी की घटना में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गोदाम चोरी मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक से भी पूछताछ जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट