डीएम ने बाल विवाह मुक्त सहरसा अभियान का किया शुभारंभ

सहरसा: जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह उन्मूलन एवं जिले में व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सहरसा: महिला एवं बाल विकास निगम, सहरसा के तहत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ़ वीमेन सहरसा द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह उन्मूलन एवं जिले में व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ दीपेश कुमार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, जनभागीदारी, जागरूकता एवं प्रभावी कार्ययोजना पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा पौधारोपण कर की गई। तत्पश्चात राजू कुमार,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,आईसीडीएस  द्वारा पौधा भेंट कर जिलाधिकारी  का स्वागत किया गया। श्रेयांस तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर द्वारा राजू कुमार,ओएसडी  टू डी.एम का स्वागत किया गया। वहीं सुश्री काजल चौरसिया, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, सहरसा द्वारा श्रेयांस तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहरसा सुमन कुमारी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सहरसा एवं कल्याण आनंद, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर, सहरसा का स्वागत किया गया। इसके पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। राजू कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। 

NFHS-6 के आंकड़ों में सहरसा की स्थिति चिंताजनक

कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्यवक, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन द्वारा प्रस्तुतीकरण द्वारा जिले में बाल विवाह की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के उपलब्ध जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सहरसा जिले में 20–24 वर्ष आयु वर्ग की 57.1 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की आयु से पहले हुआ है। 

वहीं बिहार का राज्य स्तरीय आंकड़ा 34.6 प्रतिशत एवं राष्ट्रीय स्तर का आंकड़ा 20.1 प्रतिशत है। जिले की यह स्थिति बाल विवाह की रोकथाम हेतु व्यापक, लक्षित एवं सतत प्रयासों की आवश्यकता को रेखांकित करती है। एवं बाल विवाह से संबंधित फिल्म प्रदर्शन कर हमारे समाज में बाल विवाह कैसी कुरीतियों के बारे में जागरूक किया गया।तत्पश्चात जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, गरिमा एवं भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इस सामाजिक कुरीति की रोकथाम के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ समाज की सोच एवं व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना आवश्यक है।

सभी विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा सभी संबंधित जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता एवं बाल विवाह की रोकथाम हेतु समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान को जिला स्तर तक सीमित न रखते हुए अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत, गांव एवं समुदाय स्तर तक पहुँचाया जाए।

पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, आईसीडीएस जीविका, श्रम विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सक्रिय भूमिका निभाने, बाल विवाह की संभावित सूचना पर समयबद्ध समन्वय एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नियमित जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने का निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी द्वारा जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर गठित टास्क फोर्स को सक्रिय करने, नियमित बैठक आयोजित करने, विभागीय कार्ययोजना तैयार करने तथा अभियान के तहत किए गए कार्यों एवं कार्रवाई का नियमित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

बाल विवाह रोकथाम में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण

जिलाधिकारी द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों से बाल विवाह मुक्त सहरसा के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज में जागरूकता एवं सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावशाली माध्यम है। मीडिया के माध्यम से बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों, इसके दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा, अधिकार, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के महत्व का संदेश व्यापक जनसमुदाय तक पहुँचाया जा सकता है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक सामाजिक उदाहरणों को सामने लाने, परिवारों एवं समुदायों में संवाद विकसित करने तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के संदेश को गांव एवं पंचायत स्तर तक पहुँचाने में सहयोग करें। संवेदनशील मामलों में बच्चों की निजता, पहचान एवं सम्मान की रक्षा करते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी  द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण कराया गया। सभी ने संकल्प लिया कि वे बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाएँगे, बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएँगे तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे। उक्त कार्यक्रम का अनुश्रवण एवं प्रबंधन महिला एवं बाल विकास निगम की पदाधिकारी एवं उनकी टीम के द्वारा किया गया। 

जिला प्रशासन, सहरसा की अपील 

बाल विवाह की रोकथाम हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बालिका को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। आइए, प्रशासन, मीडिया एवं समाज के सामूहिक प्रयास से बाल विवाह मुक्त सहरसा के निर्माण में सहभागी बनें।

न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही इसे मौन सहमति देंगे। बाल विवाह मुक्त सहरसा –हम सबकी जिम्मेदारी, हम सबका संकल्प।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट