'बिजली बिल में राहत और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोलर ऊर्जा को बढ़ावा जरूरी', 78 हजार तक सब्सिडी

विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों पर सोलर प्लांट लगाने वाले उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

बिजली बिल में राहत और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों पर सोलर प्लांट लगाने वाले उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। 

उन्होंने बताया कि एक किलोवाट पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। इसके अलावा बैंकों के माध्यम से करीब 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 

विद्युत विभाग की ओर से जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में रथ यात्रा निकालकर लोगों को सोलर प्लांट लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाकर बिजली खर्च कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की है।

सोलर जागरूकता मेले में उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र की स्थापना, लागत, अनुदान, ऋण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। विद्युत विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में रथ यात्रा निकालकर लोगों को सोलर प्लांट लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अभियान में अधिक से अधिक भाग लेकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि बिजली खर्च में कमी के साथ स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सके।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट