पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। आये दिन एसी तस्वीरें सामने आती हैं, जब पप्पू यादव किसी न किसी की मदद करने के लिए तत्पर रहते हैं। दरअसल पप्पू यादव ने सोमवार को कुछ ऐसा काम किया, जिसे देखने के बाद हर कोई उनकी दरियादिली का कायल हो गया।
मिली जानकारी को पूर्णिया कोर्ट स्टेशन निवासी चंदन पासवान के 10 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार को एक टोटो वाहन ने टक्कर मार दिया था। अंकित के साथ यह घटना तब घटी, जब वह स्कूल से छुट्टी होने के बाद सडक को पार कर रहा था। अंकित मध्य विद्यालय पूर्णिया कोर्ट में कक्षा 3 का छात्र है। बताया जा रहा है कि सडक पार करने के दौरान ही वह हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में बच्चे के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
संयोगवश उसी समय सांसद पप्पू यादव का काफिला उस मार्ग से गुजर रहा था। घटना को देखकर एक बच्चे ने साहस का परिचय देते हुए काफिले को हाथ देकर रुकने का इशारा किया। सांसद पप्पू यादव ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया, घायल अंकित कुमार को अपनी निजी गाड़ी में गोद में बैठाकर स्वयं पूर्णिया जीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग पहुंचे और डॉक्टरों से तुरंत इलाज शुरू करवाया।
मिली खबर के मुताबिक, चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की स्थिति फिलहाल ठीक है। इधर घटना की सूचना मिलते ही बच्चे के माता-पिता भी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने घायल बच्चे के साथ मौजूद बच्चे को भी तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पप्पू यादव के द्वारा त्वरित रूप से की गयी इस पहल की अब हर तरफ चर्चा हो रही है। लोग उनकी मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय की सराहना कर रहे हैं।