बिहार में मौसम का यू-टर्न! 16 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

बिहार में मौसम का यू-टर्न! 16 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 29, 2026, 12:30:00 PM

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है और 29 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, राजधानी पटना समेत पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, बक्सर, सारण, गोपालगंज, सीवान, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा और कटिहार जैसे जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव का सबसे अधिक प्रभाव उत्तर बिहार के जिलों में देखने को मिलेगा। खासकर किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में तेज और लगातार बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। इस मौसमी गतिविधि के चलते आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, इससे पहले मंगलवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान में वृद्धि देखी गई थी। डेहरी में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो दिन का सबसे अधिक तापमान रहा, जबकि वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 मई के बाद एक बार फिर तापमान में उछाल आ सकता है और लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।