पटना: अगर आप राजधानी आ रहे हैं या राजधानी में रहने के दैरान राजेंद्र नगर होकर सफर करने की तैयारी में हैं तो आपके लिए अहम खबर है। दरअसल राजधानी में पटना मेट्रो निर्माण एवं राजेंद्रनगर पुल यातायात डायवर्जन को लेकर सूचना जारी की गयी है। इस एडवाइजरी को पटना ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी किया गया है।
पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार राजधानी में राजेंद्रनगर टर्मिनल पुल के पास मेट्रो निर्माण और सड़क मरम्मत कार्य के लिए यातायात में बदलाव किया गया है। यह दो दिवसीय ट्रायल डायवर्जन है। जो 10 और 11 अक्टूबर को लागू होगा। इस दौरान 10 अक्टूबर (शनिवार) को बहादुरपुर से पटना की ओर जाने वाली लेन बंद रहेगी। जबकि 11 अक्टूबर (रविवार) को पटना से बहादुरपुर की ओर जाने वाली लेन बंद रहेगी।
एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद छठ महापर्व से पहले 10 से 12 दिनों के लिए राजेंद्रनगर पुल (वैशाली गोलंबर) बंद रहेगा। दरअसल पुल के नीचे सड़क मरम्मती और मेट्रो की TVM मशीन की आवाजाही के लिए इस कदम को उठाया गया है। यह भी अवगत कराया गया है कि यह कार्य रोजाना केवल रात 10:00 बजे से सुबह 06:00 बजे तक किया जाएगा। इसलिए आम लोगों से अपील की गयी है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।