सोनू मोनू के पिता अधिवक्ता प्रमोद सिंह गिरफ्तार, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

पटना जिले के पंचमहला थाना क्षेत्र अंतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता प्रमोद सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 26, 2026, 10:52:00 AM

मोकामा/पंचमहला: पटना जिले के पंचमहला थाना क्षेत्र अंतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता प्रमोद सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। प्रमोद सिंह, सोनू और मोनू के पिता बताए जाते हैं।

पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा पुलिस अभिरक्षा से जबरन छुड़ाई गई एक मोटरसाइकिल की बरामदगी से जुड़े मामले में की गई है। बताया जा रहा है कि उक्त मोटरसाइकिल प्रमोद सिंह के घर से बरामद की गई, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।

कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। छापेमारी अभियान का नेतृत्व बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राम कृष्णा ने किया। इस दौरान मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, मराँची थानाध्यक्ष रौशन कुमार तथा पंचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रहने का दावा किया है।

पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने अथवा पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

अनूप नारायण सिंह