बिहार में सोशल मीडिया पर चल रही सियासी जंग अब कानूनी दायरे में पहुंचती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक, भ्रामक और विवादित पोस्ट साझा करने के आरोप में बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X यानी पूर्व ट्विटर के 10 हैंडल्स पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इन हैंडल्स में राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद का आधिकारिक X अकाउंट भी शामिल बताया जा रहा है।
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई यानी CCSU ने सभी संबंधित हैंडल्स को 72 घंटे के भीतर विवादित पोस्ट हटाने का नोटिस जारी किया है। पुलिस ने साफ कहा है कि अगर तय समय में कंटेंट नहीं हटाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, इन पोस्टों में इस्तेमाल की गई भाषा और साझा की गई सामग्री आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की विभिन्न धाराओं का उल्लंघन करती है। हालांकि पुलिस का यह भी कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को है, लेकिन किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना, झूठी जानकारी फैलाना या आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कानूनन स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इस पूरे मामले की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि नोटिस पाने वालों में राजद का आधिकारिक X हैंडल भी शामिल है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे हैं और उनके कई बयान सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। फिलहाल इस नोटिस पर राजद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर कानून का उल्लंघन करने वाला कंटेंट मिलने पर पहले नोटिस जारी किया जाता है। अगर उसके बाद भी पोस्ट नहीं हटाए जाते, तभी एफआईआर और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों एआई से बनाए गए फर्जी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के मामलों में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
वैसे, यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस सक्रिय हुई हो। इससे पहले मुख्यमंत्री को कथित धमकी देने के मामले में बांका के एक युवक को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पटना से आभा की रिपोर्ट