PMCH में सुरक्षाकर्मियों की गुंडागर्दी! मरीज के परिजनों का सिर फोड़ा, थाना पर पुलिस ने भी पीटा

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानि पीएमसीएच में गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की गुंडागर्दी देखने को मिली। बाइक पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में गार्ड्स ने मरीजों और उनके परिजनों पर लाठियां बरसा दीं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 28, 2026, 3:33:00 PM

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानि पीएमसीएच में गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की गुंडागर्दी देखने को मिली। बाइक पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में गार्ड्स ने मरीजों और उनके परिजनों पर लाठियां बरसा दीं। जिसमें दो लोगों के सिर फट गए। इतना ही नहीं मरीज के परिजनों को पहले सुरक्षाकर्मियों ने पीटा और फिर थाना में शिकायत करने पर पुलिस ने भी पीड़ित को ही पीट डाला। 

पीएमसीएच इमरजेंसी वार्ड के पास बाइक पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में गार्ड्स ने मरीजों और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। परिजनों पर लाठियों से हमला किया गया। इस हिंसक झड़प में दो लोगों के सिर फट गए, जबकि बीच-बचाव करने आई एक महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने होती रही।

टीओपी प्रभारी पर भी मरीज के परिजनों के साथ थाने में मारपीट करने का आरोप लगा है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए  टाउन डीएसपी 1 ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने टीओपी प्रभारी को FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच करेगी।    

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़  सुबह करीब 10:30 बजे की यह घटना है। बिहटा के कंचनपुर निवासी विमल कुमार अपनी बाइक से पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड के पास पहुंचे थे। जब वह अपनी बाइक पार्क कर रहे थे, तभी वहां तैनात गार्ड्स ने उन्हें वहां पार्किंग करने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कई गार्ड्स ने मिलकर विमल कुमार पर हमला कर दिया। गार्ड्स ने विमल को इतना पीटा कि उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

विमल को सड़क पर तड़पता देख जब अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों ने गार्ड्स का विरोध किया, तो सुरक्षाकर्मी और उग्र हो गए। पटना के भट्टाचार्य रोड के रहने वाले प्रेम कुमार अपनी पत्नी का इलाज कराने अस्पताल आए थे। उन्होंने जब विमल को बचाने की कोशिश की, तो गार्ड्स ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। प्रेम कुमार की भी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनका भी सिर फट गया। उन्हें तुरंत अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार देना पड़ा। इस दौरान सोनपुर की रहने वाली संगीता कुमारी ने जब घायल लोगों को बचाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, तो गार्ड्स और वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की।

बता दें कि पीएमसीएच में कभी डॉक्टरों की तो कभी सुरक्षाकर्मियों की दबंगई देखने को मिलते रहती है। आज सुरक्षाकर्मियों की गुंडागर्दी देखने को मिली। इतना ही नहीं पुलिस ने भी हद कर दिया। मरीज के परिजनों को पहले सुरक्षाकर्मियों ने पीटा, उसका सिर फोड़ा और फिर थाना में शिकायत करने पर पुलिस ने भी पीड़ित को ही पीट डाला। टाउन डीएसपी 1 ने घटना को लेकर टीओपी प्रभारी को FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों पर क्या कार्रवाई करती है।