प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बिहार दौरा बिहार के लिए बेहद खास होने वाला है। बिहार दौरे पर पीएम गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण करेंगे। इस क्रम में पीएम मोदी करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 1 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड जाएंगे और फिर कच्ची दरगाह पहुंचकर छह लेन वाले नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री जाफरपट्टी में उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे पटना एयरपोर्ट लौटेंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
वैशाली के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी कार्यक्रम का हिस्सा है। इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। पीएम मोदी जहां 231 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, वहीं 100 पीएम ई बस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही 26917 लाभुकों को पीएम आवास योजना के तहत गृह प्रवेश दिलाएंगे।
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
दोपहर 1:00 बजे –प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे
दोपहर 1:20 बजे –वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे
दोपहर 1:25 बजे –रुस्तमपुर हेलीपैड से कच्ची दरगाह के लिए रवाना होंगे
दोपहर 1:30 बजे –कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पहुंचेंगे
दोपहर 1:30 से 1:45 बजे तक –नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे
दोपहर 1:55 बजे –वैशाली के जाफरपट्टी कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे
दोपहर 2:00 से 3:15 बजे तक –उद्घाटन, लोकार्पण, शिलान्यास कार्यक्रम और जनसभा को संबोधित करेंगे
दोपहर 3:15 बजे –कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे
दोपहर 3:20 बजे –हेलीपैड पहुंचेंगे
दोपहर 3:40 बजे –पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लखनऊ के लिए रवाना होंगे
नीतीश सेतु की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबाई और आधुनिक निर्माण तकनीक है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना लगभग 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। बीच में राघोपुर दियारा के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। पुल छह लेन का है और इसकी खासियत एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे तकनीक है। इससे पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक सीधा संपर्क स्थापित होगा। पुल के चालू होने से गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा।उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा।
पीएम मोदी आज 34,470 करोड़ रुपये की 231 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इसमें औरंगाबाद-चोरदाहा, चोरमा-बैरगनिया और उमागांव-सहरसा सड़क खंड को छह लेन का बनाना शामिल है। वे 660 मेगावाट की बक्सर थर्मल पावर परियोजना की दूसरी इकाई का उद्घाटन करेंगे। वे 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसमें साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का चार लेन चौड़ीकरण और पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए बिजली निकासी परियोजना शामिल है। पीएम मोदी आज 100 पीएम ई बस को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी आज 26917 लाभुकों को पीएम आवास योजना के तहत गृह प्रवेश दिलाएंगे।