जनता महंगाई से त्रस्त, एनडीए नेता लूट में मस्त, तेजस्वी का सीधा हमला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 30, 2026, 5:41:00 PM

राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार के साथ एनडीए पर करारा हमला किया है। मंगलवार को एक बयान जारी करते हुए तेजस्वी ने कहा कि एक तरफ जहां महंगाई से आम जनता त्रस्त है, वहीं दूसरी तरफ एनडीए नेता लूट में मस्त हैं। सभी परेशानियों के कारण एनडीए के बडबोले नेता हैं।

मंगलवार को एक बयान जारी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस की कीमतों ने पहले ही बजट बिगाड़ रखा है और अब खाने-पीने की आवश्यक चीजों जैसे दाल, आटा, सब्जी, तेल की बढ़ी कीमतों से जनता त्राहिमाम कर रही है। आम नागरिक एनडीए संपोषित जमाखोरी, कालाबाजारी, महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दुष्चक्र में फंसे हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन और बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वोट चोरी से बनी एनडीए सरकार की अदूरदर्शी सोच, पूंजीपरस्त नीतियों और जनविरोधी निर्णयों से जनता में भारी आक्रोश है। एनडीए नेता सरकारी संसाधनों की लूट, भ्रष्टाचार और चंदा चोरी में व्यस्त और मस्त है। बीजेपी सभी समस्याओं की जड़ तथा इनके झूठे, बड़बोले, अनैतिक, भ्रष्ट, जुमलेबाज़ नेता देशवासियों की सब परेशानियों के मूल कारण है।

बता दें कि चंद रोज पहले ही तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन और सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला किया था। तब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने कहा था कि राज्य का खजाना खाली हो चुका है। जबकि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों और कथित घोटालेबाजों को संरक्षण दिया जा रहा है। तेजस्वी ने यह भी कहा था कि सरकार के पास कर्मियों को समय पर वेतन, छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने और पेंशनधारियों को भुगतान करने के साथ-साथ किसानों के बकाए का भूगतान करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं है। राज्य में बड़े वित्तीय घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। तेजस्वी यादव ने इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा था और कहा था कि सम्राट चौधरी अदूरदर्शी और बतोलेबाज नेता हैं।