पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में लगा 63 लाख से ज्यादा का जुर्माना

राजधानी में ट्रैफिक रूल तोड़ने पर 18 और 19 अक्टूबर को यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के ऊपर पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केवल दो दिन में ही 63 लाख रुपए से भी ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है।

पटना: राजधानी में ट्रैफिक रूल तोड़ने यानि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में 18 और 19 अक्टूबर को यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के ऊपर पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केवल दो दिन में ही 63 लाख रुपए से भी ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है। इसमें सबसे ज्यादा जुर्माना वैसे चालकों पर लगी है जो बिना हेलमेट पहने वाहन चला रहे थे। पहले दिन 27 लाख रुपए से भी ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है। वहीं दूसरे दिन 36 लाख रुपए से भी ज्यादा का जुर्माना लगाया गया। 

पटना यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 18 और 19 अक्टूबर 2026 को शहर के विभिन्न इलाकों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 5,292 वाहनों का ई-चालान काटा गया। इन दो दिनों में कुल 63 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात, पटना के कार्यालय से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के माध्यम से विभिन्न स्थानों से प्राप्त वीडियो फुटेज, तस्वीरों और एएनपीआर कैमरों की सहायता से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ई-चालान जारी किए गए।

18 अक्टूबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2,262 वाहनों का चालान काटा गया। इस दिन कुल 27 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाकर कुल 3030 वाहनों का ई-चालान काटा गया। इस कार्रवाई में 36 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सबसे अधिक जुर्माना

दो दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई है। 18 और 19 अक्टूबर को कुल 3,754 वाहन चालकों का चालान काटा गया, जिससे 37 लाख 54 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद बिना बीमा के वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। इस श्रेणी में कुल 872 वाहनों का चालान काटा गया और 17 लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं, ट्रिपल राइडिंग के 294 मामलों में 2 लाख 94 हजार रुपये और रेड लाइट जंप करने के 229 मामलों में 3 लाख 37 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

एक दिन में 768 अधिक चालान, जुर्माने में 8.65 लाख रुपये की बढ़ोतरी

18 अक्टूबर की तुलना में 19 अक्टूबर को यातायात नियमों के उल्लंघन पर अधिक चालान जारी हुए। 18 अक्टूबर को 2,262 वाहनों का चालान कटा था, जबकि 19 अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 3,030 हो गई। इस प्रकार एक दिन में चालान की संख्या में 768 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, जुर्माने की कुल राशि भी 27.58 लाख रुपये से बढ़कर 36.23 लाख रुपये हो गई, यानी 8.65 लाख रुपये की वृद्धि हुई।

कैमरों से निगरानी, ट्रैफिक पुलिस ने की अपील

पटना यातायात पुलिस आईसीसीसी और एएनपीआर कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर रही है। कैमरों से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो फुटेज के आधार पर ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।