पटना मेट्रो को मिली रफ्तार, मलाही पकड़ी स्टेशन पर पार्किंग सुविधा को मंजूरी

पटना मेट्रो प्रोजेक्ट को रफ्तार देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने निर्माण एजेंसी के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 10, 2026, 7:47:00 PM

पटना मेट्रो प्रोजेक्ट को रफ्तार देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने निर्माण एजेंसी के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों और आगामी निरीक्षण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में खास तौर पर मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना को मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के पिछले हिस्से में विभाग की जमीन उपलब्ध है, जहां फिलहाल झोपड़पट्टी बसी हुई है। इस जमीन को खाली कराकर मेट्रो यात्रियों के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इससे निजी वाहन से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और स्टेशन तक पहुंच और भी सुगम हो सकेगी।

निर्माण एजेंसी ने समीक्षा बैठक में जानकारी दी कि मलाही पकड़ी से खेमनीचक होते हुए भूतनाथ स्टेशन से पहले तक ट्रैक बिछाने और बिजली से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष बचे कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और मार्च या अप्रैल तक इसके पूरी तरह तैयार होने की संभावना जताई गई है।

भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो परिचालन शुरू करने से पहले जरूरी तकनीकी और सुरक्षा निरीक्षण कराए जाएंगे। 11 फरवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर और 25 फरवरी को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण प्रस्तावित है। इन दोनों एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद ही मेट्रो संचालन की औपचारिक अनुमति दी जाएगी।

गौरतलब है कि 23 जनवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर द्वारा प्रारंभिक निरीक्षण किया जा चुका है, जबकि 5 फरवरी को मलाही पकड़ी स्टेशन पर एएसएस चार्जिंग के लिए बिजली आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रही हैं और पटना मेट्रो जल्द ही आम लोगों के लिए एक नई सुविधा के रूप में सामने आएगी।