बिहार की राजधानी पटना आज भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर नजर आएगी। जगन्नाथपुरी की तर्ज पर पटना में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की धूमधाम से भव्य रथ यात्रा निकलेगी। भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम व बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्राएं निकाली जाएंगी। इस दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे और रथ पर आरुढ़ होकर नगर भ्रमण के दौरान भगवान अपने भक्तों को दर्शन देंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार रथयात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) मंदिर की ओर से निकलने वाली रथ यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर दो बजे करेंगे। मुख्यमंत्री पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार रथयात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। दोपहर एक बजे विशेष पूजा और महाआरती होगी। इसके बाद वे भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के तत्वावधान में गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने बताया कि रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे होगा।
शहर के इस्कॉन मंदिर, गर्दनीबाग ठाकुबाड़ी, गौड़ीय मठ सहित अन्य स्थानों से निकेलगी। रथ यात्रा तारामंडल, आयकर गोलंबर, हाई कोर्ट, बिहार संग्रहालय, डाकबंगला चौराहा होते हुए मंदिर वापस आएगी। शाम में मंदिर परिसर में भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा। रथ यात्रा के दौरान दोपहर 12 बजे से लेकर रात 9 बजे तक पूरे मार्ग और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से अखंड भजन-कीर्तन का गायन किया जाएगा। रथ यात्रा भक्तों को दर्शन, आशीर्वाद और भक्ति का अनुपम अवसर मिलेगा।
महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलदेव व बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस दौरान भगवान को 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग क्रेन से लगेगा। भगवान का स्वागत हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के साथ होगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न जगहों पर रंगोली बना कर भगवान का स्वागत होगा। भगवान जगन्नाथ के रथ आधुनिक तकनीक से लैस है। हाइड्रोलिक रथ को कोलकाता, बंगलुरु, थाइलैंड आदि जगहों से मंगाए गए फूलों से सजाया जाएगा। सौ क्विंटल ताजे फूलों से रथ को भव्य रूप से सजाया गया है। रथ यात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और संकीर्तन के साथ भाग लेंगे। प्रसाद के रूप में मूंगफली-मिश्री,सौंफ वितरित किया जाएगा।
वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह से रथयात्रा के समापन तक इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।जीपीओ फ्लाइओवर से इस्कॉन मंदिर की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा जीपीओ के नीचे से भी इस्कॉन मंदिर की दिशा में वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। अदालतगंज स्थित भाजपा कार्यालय के बगल वाले मार्ग से भी इस्कॉन मंदिर की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।