पूर्व सीएम और जदये के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार सोमवार को काफी एक्टिव मूड में नजर आये। सीएम नीतीश कुमार एक तरफ जहां अचानक पार्टी ऑफिस पहुंचे वहीं दूसरी तरफ वह अपनी ही पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंच गये। इस दौरान नीतीश कुमार के साथ कई अन्य पार्टी नेता भी उपस्थित थे। पार्टी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार ने वशिष्ठ नारायण सिंह से की शिष्टाचार मुलाकात की।
मिली जानकारी के अनुसार जनता दल (यू0) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने वशिष्ठ नारायण सिंह का कुशलक्षेम पूछा और उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच काफी देर तक समसामयिक राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही, दोनों नेताओं ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन से जुड़ी अनेक पुरानी स्मृतियों और अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन कुमार सर्राफ भी उपस्थित रहे।
बता दें कि इससे पहले नीतीश कुमार सोमवार की सुबह अचानक बीरचंद पटेल मार्ग स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने पूरे पार्टी कार्यालय का निरीक्षण किया और भ्रमण किया। इस दौरान जेडीयू के विधान पार्षद संजय गांधी भी उपस्थित रहे। नीतीश कुमार पार्टी की तरफ से शुरू होने वाली जनसुनवाई कार्यक्रम के पहले ही पार्टी कार्यालय पहुंच गये थे।