बिहटा : बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार की देर रात घर में घुसकर एक ड्राइवर की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिमरी गांव में मर्डर की यह सनसनीखेज वारदात सिमरी गांव के एक किराए के मकान में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची जहां मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक युवक की पहचान इरफान के रूप में हुई है, पेशे से ड्राइवर था
इस वारदात में जान गंवाने वाले मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और पिछले दो सालों से सिमरी गांव के ही एक किराए के मकान में अपनी बीवी और दो बच्चों के साथ रहता था। मूल रूप से उसका निकाह 10 साल पहले नेहा परवीन के साथ हुआ था जिससे उसके दो बेटे हैं। हालांकि, हत्या का मुख्य कारण अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि इरफान इमाम के परिवार में आपसी विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अपने परिवार को लेकर किराए पर रहता था।
एक महीने पहले भी जब वे दोनों आरा से बाइक से लौट रहे थे, तब बिहटा के मौदही गांव के पास उन पर हवाई फायरिंग हुई थी - मृतक की पत्नी
मृतक की पत्नी नेहा परवीन ने बताया कि एक महीने पहले भी जब वे दोनों आरा से बाइक से लौट रहे थे, तब बिहटा के मौदही गांव के पास उन पर हवाई फायरिंग हुई थी जिसमें वे दोनों बाल-बाल बचे थे। मंगलवार की रात तकरीबन 11:30 बजे दो अपराधी आए और उन्होंने घर का दरवाजा खुलवाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी और उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।