मॉडल स्कूलों से बदलेगी बिहार की शिक्षा की तस्वीर, छात्रों में बढ़ा उत्साह

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 18, 2026, 6:47:00 PM

बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी जिलों में मॉडल स्कूल विकसित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस पहल के तहत प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को अत्याधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा बच्चों के आरंभिक विकास के लिए मॉडल स्कूल यानि सरस्वती विद्या निकेतन में हर प्रकार की मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध होगी। 

इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि बिहार सरकार ने राज्य के 551 स्कूलों को चयनित करके मॉडल स्कूल के तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में आधुनिक पुस्तकालय, कंप्यूटर एवं आईटी लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं तथा अन्य उन्नत शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नवाचार और तकनीकी दक्षता हासिल करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

 विभाग के इस पहल से छात्रों में खुशी की लहर है। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर की छात्रा जिया पांडे ने कहा कि हमारा विद्यालय मॉडल स्कूल बनने जा रहा है। इससे मेरे साथ हमारे सारे सहपाठियों के लिए कंप्युटर लैब, लाइब्रेरी आधुनिक तकनीक के साथ विकसित किया जायेगा। इससे अब हमें पढ़ाई में मदद मिलने के साथ-साथ रुचि भी बढ़ेगी। वहीं राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर की छात्रा रौशनी कुमारी का कहना था कि मॉडल स्कूल बनने से हमारे विद्यालय में नयी सुविधा के साथ अन्य खास फैसिलिटी भी इंस्टॉल होगा। खासकर बॉयो लैब में नये उपकरण आने से अब विषय को समझना और आसान हो जायेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद है जबकि हरिवंश नारायण इंटर स्कूल की छात्रा मुस्कान ने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से अब हमें आगे की पढ़ाई करने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। विद्यालयो में मूलभूत सुविधा के साथ-साथ अन्य खास सुविधाएं जैसे- अत्याधुनिक कंप्युटर लैब, लाइब्रेरी में अपडेट किताबें एवं महत्वपूर्ण विषय की पढ़ाई के लिए नवीनतम लैब की सुविधा होगी।