पटना : बिहार की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पटना साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यूट्यूबर यश माहेश्वरी के खिलाफ पटना साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटना साइबर पुलिस की ओर से 25 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यूट्यूब चैनल 'Almostyash' के माध्यम से बिहार की महिलाओं पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करते हुए उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस तरह की टिप्पणी से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है - पुलिस
पुलिस के अनुसार, इस तरह की टिप्पणी से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। साथ ही बड़े पैमाने पर जनभावनाएं आहत होने की भी आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना साइबर थाने में 24 नवंबर 2026 को कांड संख्या 1550/26 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है
फिलहाल पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं दी गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में पटना साइबर पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।