बिहार में कोहरे का कहर: पटना–जहानाबाद में घना कोहरा, समस्तीपुर 4.4°C के साथ सबसे ठंडा

बिहार में इन दिनों ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। शनिवार की सुबह राज्य के कई जिलों में कोहरे की चादर छाई रही

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 03, 2026, 9:27:00 AM

बिहार में इन दिनों ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। शनिवार की सुबह राज्य के कई जिलों में कोहरे की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी पटना, समस्तीपुर और जहानाबाद में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिसके कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई।

मौसम विभाग ने आज बिहार के सभी 38 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर 15 जिलों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

राज्य में समस्तीपुर सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे के साथ चल रही पछुआ हवा ने ठंड को और बढ़ा दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा ने अनुमान जताया है कि 7 जनवरी तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

हालांकि राहत की बात यह है कि आज राज्य के किसी भी जिले में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। यानी दिन के तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं होगी, जिससे लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह और रात के समय कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के समय सावधानी बरतें, खासकर वाहन चलाते समय सतर्क रहें और जरूरी न हो तो सुबह के समय यात्रा से बचें।