फेसबुक, इंस्टा चलाना है तो कराना होगा KYC, सरकार लगाने वाली है ये नया नियम

भारत सरकार अब डिजिटल दुनिया को ज्यादा सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 26, 2026, 4:40:00 PM

भारत सरकार अब डिजिटल दुनिया को ज्यादा सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, सरकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए केवाईसी यानी ‘नो योर कस्टमर’ सिस्टम को अनिवार्य करने पर विचार कर रही है। अगर यह नियम लागू होता है, तो फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर फेक अकाउंट बनाना लगभग नामुमकिन हो जाएगा। इतना ही नहीं, यह सिस्टम सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑनलाइन गेमिंग और डेटिंग ऐप्स पर भी लागू किया जा सकता है।

इस प्रस्तावित केवाईसी प्रक्रिया का तरीका कुछ हद तक वैसा ही होगा जैसा हम बैंक खाता खोलते समय या मोबाइल सिम लेते वक्त देखते हैं। यानी अब किसी भी प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के लिए यूजर्स को अपना वैध पहचान पत्र देना पड़ सकता है। इसका सीधा असर यह होगा कि हर अकाउंट एक असली पहचान से जुड़ा होगा, जिससे फेक प्रोफाइल्स की संख्या में भारी कमी आएगी।

सरकार इस कदम के जरिए कई समस्याओं पर एक साथ लगाम लगाना चाहती है। ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग और पहचान की चोरी जैसे मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अक्सर ये अपराध फर्जी अकाउंट्स के जरिए किए जाते हैं, जिससे असली आरोपी तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। केवाईसी लागू होने के बाद ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान करना आसान हो जाएगा और कार्रवाई भी तेज होगी।

इस पहल का एक बड़ा उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाना भी है। केवाईसी सिस्टम के जरिए प्लेटफॉर्म्स यूजर्स की उम्र को सही तरीके से वेरिफाई कर सकेंगे, जिससे कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स से दूर रखने में मदद मिलेगी।

हालांकि, इस प्रस्ताव के साथ प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को लेकर बहस भी तेज होना तय है। लोग यह सवाल उठाएंगे कि उनकी निजी जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी और उसका इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा। ऐसे में सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी—सुरक्षा और प्राइवेसी के बीच सही संतुलन बनाना।