सक्षमता परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी, 4353 शिक्षक अभ्यर्थी उत्तीर्ण

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 21, 2026, 7:00:00 PM

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा कक्षा 1-5, कक्षा 6-8, कक्षा 9-10 एवं कक्षा 11-12 में कार्यरता स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए आयोजित पाँचवें एवं अंतिम सक्षमता परीक्षा, 2026 का परीक्षाफल मंगलवार को जारी किया गया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ० त्यागराजन एस०एम० ने इसे जारी किया। इस परीक्षा में  4353 शिक्षक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस परीक्षा का परिणाम वेबसाईट https://bsebsakshamta.com पर उपलब्ध है, जिसे शिक्षक अभ्यर्थी अपने Application No. को लॉग-इन आईडी के रूप में एवं जन्मतिथि पासवर्ड के रूप में अंकित कर देख सकते हैं।

समिति द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार पांच जून 2026 से आठ जून 2026 तक पाँचवें सक्षमता परीक्षा, 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 6,559 पुरूष शिक्षक अभ्यर्थी एवं 7,953 महिला शिक्षक अभ्यर्थी को मिलाकर कुल 14,512 शिक्षक अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इसमें 1,870 पुरूष शिक्षक अभ्यर्थी एवं 2.483 महिला शिक्षक अभ्यर्थी को मिलाकर 4353 शिक्षक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए।

वर्गवार कक्षा 1-5 के 13,235 शिक्षक अभ्यर्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। जिनमें 3,868 शिक्षक (29.23%) उत्तीर्ण हुए हैं। वर्ग 6-8 के 781 शिक्षक इस परीक्षा में सम्मिलित हुए जिनमें 313 शिक्षक (40.08%) सफल हुए है। कक्षा 9-10 के 367 शिक्षक इस परीक्षा मे सम्मिलित हुए, जिनमें 122 शिक्षक (33.24%) उत्तीर्ण हुए हैं। वर्ग 11-12 के 129 शिक्षक परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 50 शिक्षक (38.76%) सफल हुए हैं। इस प्रकार इस परीक्षा में शिक्षक अभ्यर्थियों का उत्तीर्णता प्रतिशत 30% है। इस परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ट प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें भाग-1 (भाषा) में 30 प्रश्न, भाग-2 (सामान्य अध्ययन) में 40 प्रश्न एवं भाग-3 (संबंधित विषय) में 80 प्रश्न दिए गये थे। परीक्षा का आयोजन (CBT) के माध्यम से किया गया, जिसके लिए कुल अवधि 2 घंटा 30 मिनट निर्धारित थी।

पाँचवें सक्षमता परीक्षा में वैसे शिक्षक अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे, जो प्रथम, द्वितीय एवं चतुर्थ सक्षमता परीक्षाओं में सम्मिलित नहीं हुए या इन परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण हुए अलावा इस परीक्षा में वैसे शिक्षक अभ्यर्थी भी सम्मिलित हुए। जिनके द्वारा सक्षमता परीक्षा का आवेदन भरा गया था, परन्तु किसी कारणवश उनका आवेदन जिला कार्यक्रम पदा (स्थापना) द्वारा अनुमोदन नहीं किया जा सका था। उल्लेखनीय है कि सक्षमता परीक्षा, 2026 (पंचम) का आयोजन पटना के बापू परिसर स्थित ऑनलाईन परीक्षा केन्द्र एवं शास्त्रीनगर स्थित आदर्श ऑनलाईन परीक्षा केंद्र में किया गया था। समिति द्वारा जारी उक्त परीक्षाफल पूरी तरह से औपबंधिक है, क्योंकि परीक्षाफल प्रकाशन के बाद शिक्षा विभाग द्वारा सभी सफल शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग कराई जायेगी, जिसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा इन शिक्षकों को अलग से सूचना दी जायेगी।