बिहार में शीतलहर का कहर: 25 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

बिहार पिछले एक सप्ताह से शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवा ने प्रदेश में कनकनी बढ़ा दी है। ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया हैं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 24, 2025, 9:02:00 AM

बिहार इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। उत्तर-पश्चिम से चल रही बर्फीली हवाओं ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह और रात के समय कनकनी इतनी तेज है कि लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

इस बीच ठंड से जुड़ी एक दर्दनाक घटना गया जिले से सामने आई है, जहां घर में अचानक आग लगने से पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव या हीटर के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

मौसम की बात करें तो मंगलवार को मुंगेर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के चार जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि आठ जिलों में पारा 11 डिग्री से भी नीचे चला गया है।

घने कोहरे का असर यातायात पर भी साफ नजर आया। कोहरे के कारण चार फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जबकि करीब 20 जोड़ी विमान देरी से उड़े। सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज बिहार के 25 जिले कोल्ड डे और घने कोहरे की चपेट में रहेंगे। इनमें से 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 13 जिलों में यलो अलर्ट लागू है। विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 28 दिसंबर तक घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।