जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब बिहार पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि मधुबनी को छोड़कर बिहार के 37 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है।
पिछले 24 घंटे के तापमान रिकॉर्ड पर नजर डालें तो शेखपुरा, छपरा, किशनगंज और गयाजी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भागलपुर इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा जिला साबित हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। समस्तीपुर में भी ठंड का असर बेहद तीखा रहा और यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बढ़ती ठंड और मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूरे बिहार में कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी पटना में कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई है।
पटना के कई इलाकों में ओस की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई है। गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। बुधवार को पटना एयरपोर्ट से इंडिगो की 5 जोड़ी फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जबकि 22 जोड़ी फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।